भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा को मंगलवार शाम उनके अमरावती के कार्यालय में एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। यह पत्र स्पीड पोस्ट से भेजा गया था और इसमें अश्लील व आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पत्र में नवनीत राणा को जान से मारने और गैंगरेप की धमकी दी गई थी। शुरुआती जांच में पता चला कि यह पत्र हैदराबाद से ‘जावेद’ नामक व्यक्ति द्वारा भेजा गया।
पत्र मिलने के बाद नवनीत राणा के पर्सनल सेक्रेटरी मंगेश कोकाटे ने तुरंत राजापेठ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। अमरावती क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत राणा के घर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब आरोपी की तलाश में है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने का मकसद क्या था।
पुलिस आरोपी की तलाश जुटी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी पत्र में इस्तेमाल भाषा और शब्द बेहद अशोभनीय और आपत्तिजनक थे। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पत्र की हस्तलिपि, पोस्ट ऑफिस विवरण और लिफाफे पर लगी डाक मुहर किस जगह से आई थी। अमरावती पुलिस ने आईटी और साइबर सेल की मदद से आरोपी जावेद की लोकेशन ट्रेस करना भी शुरू कर दिया है। नवनीत राणा को इससे पहले भी कई बार धमकियां और अपमानजनक संदेश मिल चुके हैं। उन्होंने हमेशा कहा है कि वे डरने वाली नहीं हैं और किसी साजिश के सामने झुकेंगी नहीं। हाल ही में राणा ने अपने राजनीतिक विरोधियों को लेकर कहा था कि “जो सच्चाई की आवाज़ उठाता है, उसे चुप कराने की कोशिशें होती हैं, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगी।”
राजनीति और विवादों से जुड़ा रहा है राणा का सफर
नवनीत राणा ने 2019 में अमरावती लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने बीजेपी जॉइन की और 2024 के चुनाव में फिर अमरावती से चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस के बलवंत बसवंत वानखड़े से हार गईं। राणा अपने बेबाक बयानों और विवादित अंदाज के लिए जानी जाती हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में उन्होंने खासकर आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अलग पहचान बनाई है। फिलहाल, उनके खिलाफ मिले धमकी पत्र की पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने कहा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Keywords: Navneet Rana Threat Letter, Maharashtra Police, Political News

