गोवा से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दाऊद इब्राहिम के करीबी दानिश मर्चेंट, जिसे दानिश चिकना भी कहा जाता है, को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी लंबे समय से चल रहे अंडरकवर ऑपरेशन का हिस्सा थी। दानिश पर आरोप है कि वह भारत में एक बड़े ड्रग सिंडिकेट को चला रहा था, जो मुंबई से लेकर गोवा तक फैला हुआ था। वह गोवा में रेव पार्टियों और होटल नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की सप्लाई करता था। NCB को उसके खिलाफ मजबूत सबूत मिले थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। दानिश का नाम लंबे समय से दाऊद के ड्रग नेटवर्क से जुड़ा रहा है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुका है दानिश चिकना
यह पहली बार नहीं है जब दानिश चिकना कानून के शिकंजे में आया है। दिसंबर 2024 में NCB ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया था, जब डोंगरी इलाके में चल रहे ड्रग्स ऑपरेशन का पर्दाफाश हुआ। जांच में पता चला कि चिकना दाऊद इब्राहिम के आदेश पर मुंबई के कई हिस्सों में ड्रग्स की सप्लाई संभालता था। साल 2021 में भी NCB ने दानिश को हिरासत में लिया था और उसके पास से 200 ग्राम हशीश बरामद हुई थी। उस समय उसके खिलाफ दो अलग-अलग ड्रग मामलों में केस दर्ज किए गए थे। हालांकि, वह जमानत पर बाहर आया और फिर से वही अवैध रास्ता पकड़ लिया।
ड्रग्स नेटवर्क के पुराने लिंक उजागर
NCB की जांच में पता चला है कि दानिश चिकना सिर्फ ड्रग्स तस्करी में ही नहीं, बल्कि अंडरवर्ल्ड के पुराने नेटवर्क को सक्रिय रखने में भी शामिल था। दाऊद के साथियों, चिंकू पठान और आरिफ भुजवाला से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया। जांच में यह भी खुला कि वह राजस्थान के रास्ते ड्रग्स सप्लाई चैनल चला रहा था। सूत्रों के अनुसार, चिकना मॉडर्न टेक्निक का इस्तेमाल कर ड्रग डीलरों से संपर्क करता था और पेमेंट के लिए क्रिप्टोकरेंसी का प्रयोग करता था ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। NCB को शक है कि वह देश के बाहर भी कई लोगों से जुड़ा हुआ है।
NCB की नजर में अंडरवर्ल्ड का ‘ड्रग ऑपरेशन’
NCB मुंबई की इस कार्रवाई ने फिर सवाल उठाया है कि क्या दाऊद इब्राहिम का नेटवर्क भारत में अभी भी सक्रिय है। एजेंसी के अनुसार, अंडरवर्ल्ड के पुराने साथी देश में ड्रग्स रैकेट चला रहे हैं। दानिश चिकना की गिरफ्तारी से यह साफ संकेत मिलता है कि दाऊद का प्रभाव खत्म नहीं हुआ, बल्कि नए तरीकों से नेटवर्क काम कर रहा है। फिलहाल NCB दानिश से पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
Keywords: Dawood Ibrahim, Danish Chikna Arrest, Drug Syndicate, Underworld Link, Mumbai Drug Operation

