बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत और ग्लोबल आइकन मानी जाने वाली ऐश्वर्या राय बच्चन ने आज जिस मुकाम को हासिल किया है, वहां तक पहुंचने की शुरुआत किसी फिल्म या मिस वर्ल्ड के मंच से नहीं, बल्कि एक विज्ञापन से हुई थी। यह बात कम ही लोग जानते हैं कि ऐश्वर्या की किस्मत 1993 के एक कोल्ड ड्रिंक ऐड से चमकी थी, जिसमें उनके साथ आमिर खान नजर आए थे। इस ऐड ने न सिर्फ ऐश्वर्या को रातोंरात चर्चा में ला दिया, बल्कि उन्हें पूरे देश का चेहरा बना दिया।
चार सेकंड में ऐश्वर्या ने जीत लिए करोड़ों दिल
1990 के दशक में कई यादगार विज्ञापन बने थे, लेकिन उनमें से एक सबसे चर्चित ऐड था पेप्सी का विज्ञापन, जिसे मशहूर एड फिल्ममेकर प्रहलाद कक्कड़ ने डायरेक्ट किया था। उस समय ऐश्वर्या कोई बड़ी स्टार नहीं थींवह एक साधारण कॉलेज स्टूडेंट थीं और मॉडलिंग की दुनिया में अपने शुरुआती कदम रख रही थीं। मगर इस ऐड में उनकी सिर्फ चार सेकंड की झलक ने इतिहास रच दिया।
एक इंटरव्यू में प्रहलाद कक्कड़ ने उस ऐड से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया, “हम उस ऐड के लिए ऐसी लड़की ढूंढ रहे थे जो सिर्फ कुछ सेकंड में दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ दे। हमें एक ऐसा चेहरा चाहिए था जो आते ही कह दे ‘वाह, ये कौन है?’ और ऐश्वर्या में वही जादू था।” कक्कड़ ने आगे कहा, “जब ऐश्वर्या कैमरे के सामने आईं, उनकी आंखों में कुछ ऐसा था जो किसी को भी रोक ले। ऐसा लगा मानो उनमें पूरा ब्रह्मांड समाया हो। मैं उनकी आंखों को देखता ही रह गया।”
उन्होंने यह भी बताया कि ऐड के प्रसारण के तुरंत बाद लोगों की दीवानगी इस कदर बढ़ गई कि उनके पास करीब 5,000 फोन कॉल्स आए। हर कोई यही पूछ रहा था,“वो लड़की कौन है? उसका नाम क्या है? क्या वो नई एक्ट्रेस है?” प्रहलाद ने कहा, “हम सब हैरान थे कि सिर्फ चार सेकंड की झलक से कोई इंसान इतना बड़ा असर डाल सकता है।”
मिस इंडिया में हार
दिलचस्प बात यह है कि यह ऐड उस समय आया जब ऐश्वर्या अभी फेमिना मिस इंडिया 1994 की प्रतिभागी भी नहीं बनी थीं। उस प्रतियोगिता में वह सुष्मिता सेन से हार गईं, लेकिन जल्द ही उन्होंने मिस वर्ल्ड 1994 का ताज जीतकर भारत का नाम रोशन किया। मिस इंडिया में हारने के बावजूद, इस ऐड ने उन्हें पहले से ही पब्लिक का फेवरेट चेहरा बना दिया था।
उस ऐड ने खोला फिल्मों का रास्ता
पेप्सी के उस विज्ञापन ने ऐश्वर्या राय के लिए फिल्मी दुनिया के दरवाजे खोल दिए। बड़े-बड़े फिल्ममेकर्स उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और शालीनता से प्रभावित हुए। कुछ ही सालों में उन्होंने और प्यार हो गया (1997) से बॉलीवुड में डेब्यू किया और फिर हम दिल दे चुके सनम, देवदास, जोश जैसी फिल्मों से सुपरस्टार का दर्जा हासिल किया।
आज ऐश्वर्या राय बच्चन सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी सौंदर्य, प्रतिभा और गरिमा के लिए पहचानी जाती हैं। लेकिन इस ग्लोबल स्टारडम की कहानी की असली शुरुआत हुई थी सिर्फ चार सेकंड की उस झलक से, जिसने लोगों को उनके दीवाने बना दिया। वाकई, ऐश्वर्या राय की आंखें सिर्फ सुंदर नहीं हैं उनमें एक पूरा ब्रह्मांड झलकता है।
Keywords: Aishwarya Rai Ad, 1993 Pepsi Commercial, Aamir Khan Advertisement, Prahlad Kakkar Interview

