राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। मंगलवार को उन्होंने अपनी महत्वाकांक्षी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने भावुक और साफ संदेश दिया कि सबकी मां, मां होती है… न किसी का अपमान होना चाहिए, न इस पर राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने हाल ही में हुए ‘गालीकांड’ विवाद पर उन्होंने यह बयान दिया है। जिसमें राजनीतिक मर्यादाओं की सीमा लांघने के आरोप लगे थे। तेजस्वी ने इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि व्यक्तिगत और पारिवारिक सम्मान से ऊपर कोई राजनीति नहीं हो सकती।
क्या है तेजस्वी की ‘बिहार अधिकार यात्रा’?
तेजस्वी यादव की यह यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारियों की समस्याओं जैसे मुद्दों को लेकर शुरू की गई है। उनका दावा है कि यह केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं और आम जनता के हक की आवाज है। तेजस्वी ने कहा कि अबकी बार जनता बदलाव के मूड में है। नौजवान परेशान हैं, महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं और व्यापारियों को लगातार सरकार की नीतियों से नुकसान हो रहा है। इस यात्रा को लेकर तेजस्वी ने कहा कि यह तेजस्वी की नहीं, बिहार के युवाओं की यात्रा है। यह अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्ति की यात्रा है।
बेरोजगारी और शिक्षा पर फोकस
तेजस्वी ने कहा कि आज बिहार के मेडिकल कॉलेजों में ICU नहीं है, प्रोफेसर नहीं हैं, स्टाफ और मशीनें गायब हैं। उन्होंने पूर्णिया का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ट्रॉमा सेंटर तक नहीं है। तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि यह यात्रा महिलाओं की सुरक्षा और कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए भी है।
“अचेत अवस्था में हैं मुख्यमंत्री”
तेजस्वी ने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि बिहार की हालत खराब है और मुख्यमंत्री पूरी तरह निष्क्रिय हो चुके हैं। इनकी सरकार ने सिर्फ अपराधियों को संरक्षण दिया है, आम जनता को नहीं।
बीजेपी पर घुसपैठ मुद्दे को लेकर हमला
तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब चुनाव आता है, तब बीजेपी को घुसपैठिए याद आते हैं। झारखंड में भी यही हुआ। अब सवाल ये है कि अगर 20 साल से आप ही की सरकार है, तो घुसपैठ के लिए कौन ज़िम्मेदार है?”
गालीकांड पर तेजस्वी का बयान
हाल ही में हुए गालीकांड पर तेजस्वी ने कहा कि सबकी मां, मां होती है। किसी की मां का अपमान नहीं होना चाहिए और इस मुद्दे पर राजनीति भी नहीं होनी चाहिए। यह बयान सियासी गलियारों में काफी चर्चा में है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यात्रा का रूट: 10 जिलों में पहुंचेगा कारवां
‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत जहानाबाद से हुई और यह यात्रा 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी। तेजस्वी यादव 5 दिनों में 10 ज़िलों का दौरा करेंगे। जिनमें जहानाबाद, नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर और वैशाली शामिल है। यह यात्रा उन जिलों को कवर कर रही है जहां वे राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल नहीं हो सके थे।
अब देखना यह है कि तेजस्वी की इस बिहार यात्रा का जनता पर कितना असर पड़ता है। क्या वाकई जनता बदलाव के मूड में है या वो मौजूदा सरकार के कार्यों से संतुष्ट है। आने वाले विधानसभा चुनाव से तस्वीर साफ हो जाएगी।
Keywords:– Tejashwi Yadav’s Statement, Bihar Adhikar Yatra 2025, Abuse Scandal Controversy, Bihar Politics Latest News, Rjd Bihar News, Unemployment In Bihar, Women Safety Bihar, Tejashwi Yadav News

