रेणुकास्वामी मर्डर केस में बंद कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता दर्शन थुगुदीपा की हालत जेल में लगातार बिगड़ती जा रही है। मंगलवार को उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 64वीं सिटी सिविल और सत्र न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने जज से गुहार लगाई कि अब जेल की जिंदगी उनके लिए असहनीय हो चुकी है और उन्हें जहर देकर खत्म कर दिया जाए।
सूरज की रोशनी तक नहीं देखी
दर्शन ने कोर्ट में कहा कि उन्हें कई दिनों से बाहर निकलने की इजाजत नहीं मिली है, जिसके चलते वह सूरज की रोशनी तक नहीं देख पा रहे। उनके अनुसार, जेल प्रशासन ने उन्हें चादर तक उपलब्ध नहीं कराई है। खाने-पीने की हालत भी इतनी खराब है कि वह जेल का भोजन नहीं खा पा रहे और नींद की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वजन तेजी से घट रहा है और उनके कपड़ों से बदबू आने लगी है, यहां तक कि फंगस लग चुका है।
अब और नहीं जी सकता
भावुक होते हुए एक्टर ने कोर्ट में कहा ,”मेरे कपड़ों से बदबू आती है, उन पर फंगस लग गया है। मैं अब ऐसे हालात में नहीं जी सकता। कृपया मुझे जहर दे दीजिए। यहां मेरी जिंदगी नर्क बन गई है, यह सब मेरी सहनशक्ति से बाहर है।” जज ने उनकी बात सुनने के बाद साफ कहा कि ऐसी मांग पूरी नहीं की जा सकती। साथ ही कोर्ट ने आरोप तय करने की सुनवाई को स्थगित करते हुए अगली तारीख 19 सितंबर 2025 तय की है।
परिवार भी नहीं आ रहा मिलने
कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि दर्शन को हफ्ते में दो बार परिवार से मुलाकात का अधिकार मिला हुआ है। इसके बावजूद परिवार के सदस्य उनसे मिलने नहीं आ रहे। कभी-कभी उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी उनसे मिलने आती हैं, लेकिन उनका बेटा, मां और भाई अब तक जेल में उनसे मिलने नहीं पहुंचे हैं।
पहले मिल चुकी थीं VIP सुविधाएं
बता दें कि इससे पहले परप्पना अग्रहारा जेल में दर्शन को विशेष सुविधाएं दी गई थीं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो लीक होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने जेल अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। उस घटना के बाद से प्रशासन ने दर्शन को किसी भी तरह की विशेष सुविधा देना बंद कर दिया और उन्हें आम कैदियों की तरह रखा जा रहा है।
रेणुकास्वामी मर्डर केस क्या है?
जून 2024 में पुलिस ने दर्शन को रेणुकास्वामी की हत्या और अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया था। रेणुकास्वामी, जो चित्रदुर्ग का रहने वाला था, दर्शन का फैन भी था। मामला तब बढ़ा जब दर्शन की पवित्रा गौड़ा के साथ नज़दीकियां सुर्खियों में आईं। पवित्रा को लगातार रेणुकास्वामी मैसेज कर धमकाने लगा कि वह दर्शन से दूर रहे। पवित्रा ने इसकी शिकायत दर्शन से की।
जांच में सामने आया कि इसके बाद दर्शन ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेणुकास्वामी को एक गोदाम में बुलाया, जहां उसे प्रताड़ित करने के बाद मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद आरोपियों ने अपने खून से सने कपड़े बदलकर ठिकाने लगा दिए।
Keywords:– Kannada Actor Darshan Jail News, Darshan Thoogudeepa Murder Case, Renukaswamy Murder Case Update, Darshan Jail Life Problems, Darshan Pleads For Poison In Court, Parappana Agrahara Jail Darshan, Darshan Thoogudeepa Latest News 2025, Kannada Film Actor Darshan Controversy, Darshan Court Hearing September 2025, Darshan Jail Struggle

