टीवी की फेमस एक्ट्रेस और केंद्रीय मंत्री रह चुकीं स्मृति ईरानी ने एक बार फिर छोटे पर्दे पर एंट्री की है। वो अपने आइकॉनिक किरदार तुलसी विरानी के साथ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में नजर आ रही हैं। लेकिन जहां एक तरफ शो ने टीआरपी में धमाकेदार एंट्री की है, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर तगड़ा बवाल भी मच गया है।
पहले ही हफ्ते में शो ने 1.6 बिलियन व्यूइंग आवर्स और 2.8 टीआरपी के साथ अनुपमा, ये रिश्ता क्या कहलाता है और तारक मेहता का उल्टा चश्मा जैसे हिट सीरियल्स को पीछे छोड़ दिया। इसके बावजूद, ऑडियंस के एक बड़े वर्ग ने स्मृति ईरानी के एक्टिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्यों मचा है बवाल?
सोशल मीडिया पर आरोप है कि स्मृति ईरानी कई सीन में बॉडी डबल का इस्तेमाल कर रही हैं और अपने ज्यादातर शॉट्स सेट से अलग होकर शूट कर रही हैं। फैन्स का कहना है कि परिवार के साथ दिखने वाले दृश्यों में उनकी जगह बॉडी डबल होती है, और एडिटिंग के जरिए उन्हें जोड़ दिया जाता है। एक दर्शक ने तो तंज कसते हुए लिखा, “अनुपमा की सस्ती कॉपी बन रही है। मां का रोल रूपाली गांगुली से बेहतर कोई नहीं कर सकता।”
अनुपमा की नकल कर रही हैं स्मृति!
कुछ दर्शकों ने स्मृति ईरानी पर ‘अनुपमा’ की नकल करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि तुलसी की एक्टिंग अब नैचुरल नहीं लग रही, बल्कि हावभाव और डायलॉग डिलीवरी में ओवरएक्टिंग झलक रही है। एक यूज़र ने सीधा लिखा, “14 लाख रुपये लेकर आधा एपिसोड अलग से शूट करना? ऐसा लगता है जैसे लोग दीवार से बात कर रहे हों और फिर तुलसी को बाद में जोड़ दिया जाता है।”
वहीं, मिहिर और तुलसी की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ दर्शकों का मानना है कि दोनों के बीच कोई कनेक्शन महसूस नहीं होता और ये जोड़ी स्क्रीन पर बिखरी-बिखरी सी दिखती है।
बावजूद इसके, टीआरपी के आंकड़े बताते हैं कि स्मृति ईरानी की टीवी पर वापसी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। ऐसे में अब देखना होगा कि आगे चलकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ इस चर्चा को नेगेटिव पब्लिसिटी में बदलता है या स्मृति अपने दम पर आलोचनाओं को पीछे छोड़ देती हैं।
Keywords – Smriti Irani, Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2, Tulsi Return, Body Double Controversy, Anupamaa Comparison, Social Media Reactions, Audience Criticism, Television Drama, Viral Scenes, Indian television news, Smriti Irani acting, TV industry gossip, Fan Reactions

