भोपाल की पूर्व बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। रविवार को छोला इलाके में दुर्गा वाहिनी पथ संचालन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गैर हिंदुओं को लेकर विवादित टिप्पणी की। साध्वी ने कहा कि मंदिरों के आसपास अगर प्रसाद या सामान बेचते हुए गैर हिंदू दिखाई दें तो उन्हें रोकना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि “जितनी हो सके उनकी ठुकाई करो।” साध्वी का यह बयान आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
घरों में हथियार रखने की अपील
अपने संबोधन में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने महिलाओं से सीधे तौर पर आह्वान किया कि वे घरों में हथियार रखें और उन्हें धारदार बनाए रखें। उनका कहना था कि जब देश की बेटियां और बहनें असुरक्षित हों और अपराधियों द्वारा उत्पीड़न का शिकार बनें, तब समाज को चुप नहीं रहना चाहिए। साध्वी ने कहा कि “अगर दुश्मन घर की दहलीज पार करे तो उसे बीच से काट दो।” उन्होंने दुर्गा वाहिनी की महिलाओं से आग्रह किया कि वे हर घर में शक्ति का संचार करें और समाज को आत्मरक्षा के लिए तैयार करें।
गांधी-नेहरू पर भी साध्वी का हमला
साध्वी ने अपने भाषण में महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू पर भी तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि देश को आजादी बिना खड़क और ढाल के नहीं मिली, बल्कि गांधी और नेहरू सत्ता के लालच में अंग्रेजों के सामने नतमस्तक हुए। उन्होंने नेहरू पर आरोप लगाया कि वे न तो जनता के दिलों में जीते, न ही देश के लिए किसी बड़े त्याग से जुड़े थे। साध्वी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी उनकी नीतियों ने देश को कमजोर किया और विभाजन की नींव रखी।
विवाद और राजनीतिक हलचल
साध्वी प्रज्ञा का यह बयान अब सियासी बहस का नया मुद्दा बन गया है। विरोधी दल जहां इसे नफरत फैलाने वाला और समाज को बांटने वाला बयान बता रहे हैं, वहीं समर्थक इसे आत्मरक्षा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश कह रहे हैं। इससे पहले भी साध्वी कई बार अपने बयानों के चलते विवादों में रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के बयान आने वाले समय में सामाजिक तनाव को बढ़ा सकते हैं और चुनावी राजनीति में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
Keywords : Sadhvi Pragya Singh Thakur, BJP Leader Statement, Gandhi Nehru Criticism, Hindu Temples Dispute, Durga Vahini Program, Political Controversy India, Communal Tension Speech