अमेरिका और इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी लाठियों और डंडों के साथ दूतावास की ओर बढ़ते हुए और खिड़कियां तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारी मोहम्मद जवाद ने बताया कि भीड़ को काबू करने के लिए सुरक्षाबलों और अर्धसैनिक बलों को आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल करना पड़ा। स्थानीय मीडिया के अनुसार, दूतावास में सुरक्षा कर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में गोलीबारी हुई, जिसमें 8 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हो गए। पाकिस्तान के कई शहरों में ईरान पर हमलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हिंसक हमला
अधिकारियों के अनुसार, कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। भीड़ ने राजनयिक परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षाबलों को स्थिति पर काबू पाने के लिए गोलीबारी करनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी दूतावास के प्रवेश द्वार पर तोड़फोड़ कर रहे हैं और कुछ हिस्सों में आग लगा रहे हैं।
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में शोक की घोषणा
ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उनकी मौत के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस बीच, इराक की राजधानी बगदाद में भी अमेरिकी दूतावास के बाहर प्रदर्शनकारियों की भीड़ जमा हो गई है। मिडल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच स्थिति और जटिल हो गई है।
कश्मीर और लखनऊ में विरोध प्रदर्शन
खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के साथ-साथ भारत में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। 1 मार्च को कश्मीर और लखनऊ समेत विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर के शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों लोग शांतिपूर्वक मार्च करते हुए अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
Keywords: Iran Supreme Leader Death, Karachi US Consulate Protest, Middle East Tensions, Kashmir And Lucknow Protests