पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है। पार्टी के कई नेताओं के लगातार इस्तीफों ने संगठन की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। टीएमसी और कांग्रेस के संभावित राजनीतिक समीकरणों की अटकलों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सांसद डेरेक ओ’ब्रायन के साथ 10 जनपथ पहुंचकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। हालांकि इस बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
24 घंटे में दूसरी बार आमने-सामने आए दोनों नेता
इससे पहले मंगलवार को टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चली बातचीत को विपक्षी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खास बात यह रही कि बीते 24 घंटों में यह दूसरी बार था जब ममता और सोनिया आमने-सामने आए। इससे एक दिन पहले इंडी गठबंधन की बैठक के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई थी, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। राजनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ ममता बनर्जी और सोनिया गांधी ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन भी किया, जिसकी तस्वीरें चर्चा का विषय बनीं। यह मुलाकात ऐसे वक्त में हुई है जब तृणमूल कांग्रेस कई चुनौतियों से जूझ रही है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के भीतर मतभेदों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कुछ विधायकों की नाराजगी के बाद अब कई सांसदों के एनडीए के प्रति समर्थन जताने से टीएमसी नेतृत्व पर दबाव और बढ़ गया है, जिससे पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिजू दत्ता ने विलय की अटकलों को दी हवा
टीएमसी और कांग्रेस के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी से निष्कासित नेता रिजू दत्ता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि मौजूदा परिस्थितियों में तृणमूल कांग्रेस के सामने विकल्प सीमित होते जा रहे हैं। दत्ता के मुताबिक, कांग्रेस के साथ राजनीतिक एकीकरण पार्टी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाएं खोल सकता है और पश्चिम बंगाल में विपक्षी वोटों के बिखराव को भी रोक सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बदलते राजनीतिक हालात में अभिषेक बनर्जी की भूमिका और प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Keywords: TMC Congress Merger, Abhishek Banerjee Rahul Gandhi Meeting, Mamata Banerjee Sonia Gandhi Meeting, West Bengal Political Crisis