- Advertisement -
- Advertisement -

Shiv Sena vs Shiv Sena UBT: मुंबई में उद्धव-शिंदे की है आज दशहरा रैली, इन मुद्दों पर लग सकता है सियासी तड़का

मुंबई भारत महाराष्ट्र
shiv sena dussehra rally uddhav vs shinde mumbai 2025

पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से दशहरा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में होने वाली शिवसेना के दोनों धड़ों की दशहरा रैलियों पर सबकी नजर है। इस बार की शिवसेना रैली बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि कुछ ही महीनों में बीएमसी चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में एक तरफ जहां एकनाथ शिंदे की शिवसेना अपना दमखम दिखाएगी, वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) अपनी दशहरा रैली से हुंकार भरेगी।

बता दें कि मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में साल 1966 से दशहरा रैली आयोजित होती आ रही है, जिसकी शुरुआत शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने की थी। उद्धव ठाकरे शाम 5 बजे दादर पश्चिम स्थित शिवाजी पार्क में आयोजित दशहरा रैली को संबोधित करेंगे, जबकि एकनाथ शिंदे गोरेगांव स्थित नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में शाम 6 बजे होने वाली रैली की अगुवाई करेंगे।

वर्तमान में शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है। कई मुद्दों पर उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे पर निशाना साधने से नहीं चूकते। रिपोर्ट्स के मुताबिक दादर के शिवाजी पार्क में होने वाली उद्धव ठाकरे की रैली में महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों से कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं, दूसरी तरफ एकनाथ शिंदे की शिवसेना की रैली में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, वसई, पालघर, कल्याण, रायगढ़ और मीरा रोड के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य के लिए कार्यकर्ताओं को सामग्री के साथ भेजा जाएगा। इस कार्य के लिए 30 जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

ठाकरे बनाम फडणवीस वॉर

शिवसेना से बगावत के बाद एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। बाद में हुए विधानसभा चुनाव में दोबारा भाजपा और शिंदे की सरकार बनी, लेकिन इस बार शिंदे को उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया। वहीं, उद्धव ठाकरे की शिवसेना अपने सहयोगी दलों के साथ सत्ता में वापसी नहीं कर पाई। इसके बाद से ही उद्धव की शिवसेना लगातार शिंदे और फडणवीस सरकार पर निशाना साध रही है।

उद्धव की शिवसेना ने बेरोजगारी, बाढ़ राहत और किसानों से जुड़े मुद्दों को अपना प्रमुख एजेंडा बनाया है और इन्हीं मुद्दों पर वह फडणवीस सरकार को घेरती रही है। ऐसे में संभव है कि उद्धव ठाकरे अपनी दशहरा रैली में एक बार फिर शिंदे-फडणवीस सरकार पर कड़ा प्रहार करें।

Keywords: Shiv Sena Dussehra Rally 2025, Uddhav Thackeray Vs Eknath Shinde, Nesco Goregaon Shiv Sena Rally, Shiv Sena vs Shiv Sena UBT Split Mumbai Rally, Shivaji Park Dussehra Rally

What do you think?

- Advertisement -