महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने जैसे ही 29 नगर निगमों के चुनाव का ऐलान किया, शहर की सियासत में हलचल मच गई। सबकी नज़रें मुंबई पर टिक गई हैं यहां अगले महीने BMC के चुनाव होने जा रहे हैं। देश की सबसे अमीर नगर पालिका, बृहन्मुंबई महानगरपालिका, जिसकी ताकत और पैसे की बात हर पार्टी करती है। करीब तीन साल बाद हो रहे इन चुनावों को राजनीतिक दल बेहद गंभीरता से ले रहे हैं, क्योंकि BMC सिर्फ बजट या इमारतों का सवाल नहीं है, ये मुंबई के भविष्य की दिशा तय करती है।
मुंबईकरों के भविष्य पर केंद्रित होगी कांग्रेस की लड़ाई
मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष, सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भी दो टूक कहा कि उनकी पार्टी BMC का चुनाव शहर और यहां के लोगों के भविष्य को ध्यान में रखकर लड़ेगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ किया कांग्रेस विकास, पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं को अपना एजेंडा बनाएगी, न कि धार्मिक या बंटवारे वाली राजनीति को। उनके मुताबिक, मुंबई की असली परेशानियां सड़क, पानी, प्रदूषण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं। चुनाव इन्हीं मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए, न कि दिखावे की बातों पर।
प्रशासक शासन में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
गायकवाड़ ने BJP और उसकी महायुति सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया, BMC में प्रशासक शासन के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां हुईं। उन्होंने कहा, मुंबई के पैसे और संसाधनों से मुट्ठीभर ठेकेदारों और औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाया गया। आम मुंबईकर को नुकसान उठाना पड़ा, जबकि चंद असरदार लोगों ने जमकर फायदा उठाया।
नागरिक सुविधाओं की बदहाली पर उठाये सवाल
गायकवाड़ ये भी कहा आज भी मुंबई के लोग बेहतर सड़कें, साफ पानी, ताजा हवा, अच्छी शिक्षा और मजबूत स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जूझ रहे हैं। प्रशासन और सरकार की प्राथमिकता में आम जनता कहीं नहीं है। गायकवाड़ के मुताबिक, एक ग्लोबल सिटी होने के बावजूद, शहर में बुनियादी सुविधाओं की कमी बताती है कि नगर प्रशासन ने सालों तक गलत दिशा पकड़ी।
BJP पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप
BJP पर हमला जारी रखते हुए, उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी ने 25 साल तक BMC में राज किया, और पिछले तीन साल से प्रशासनिक नियंत्रण भी उन्हीं के हाथ में रहा। इसके बावजूद, अब जब सवाल उठ रहे हैं, तो BJP जिम्मेदारी से बच रही है और उल्टा दूसरों पर आरोप लगा रही है। गायकवाड़ का दावा है इसी दौरान BMC की तिजोरी पर असर हुआ, बैंक बैलेंस डगमगाए, और भ्रष्टाचार के मामलों में मुंबई और महाराष्ट्र का नाम आगे आया।
कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज
इस बीच, मुंबई कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों में तेजी ला दी है। तिलक भवन में दो दिन चली बैठकों में सीनियर नेताओं ने जमकर मंथन किया। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बताया, राज्य की 28 नगर निगमों के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई, जबकि BMC के लिए अलग से प्लान बनेगा। उम्मीदवारों के इंटरव्यू जिला स्तर पर होंगे, और 25-26 दिसंबर को राज्य संसदीय बोर्ड की मीटिंग में फाइनल फैसला लिया जाएगा। सपकाल ने साफ किया कि स्थानीय स्तर पर गठबंधन का फैसला करने की छूट दी जाएगी, और जो पार्टियां एक जैसी सोच रखती हैं, उनके प्रस्तावों पर भी विचार होगा।
Keywords: BMC Elections 2026, Mumbai Civic Polls, Maharashtra Municipal Elections, Civic Issues, Mumbai Development