- Advertisement -
- Advertisement -

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक से टकराते ही पिकअप वैन बना आग का गोला, तीन लोगों की जिंदा जलकर हुई मौत

भारत
delhi mumbai expressway ghastly accident pickup van catches fire after collision with truck three burnt alive

Photo Credit - Social Media

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी को हिला दिया। राजस्थान के अलवर जिले के रैणी इलाके में एक पिकअप गाड़ी ने आगे चल रहे ट्रक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा चैनल नंबर 131.5 के पास हुआ, दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही ये पिकअप अचानक ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी से चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही सेकेंड में पूरी पिकअप आग की लपेट में आ गई और देखते ही देखते पिकअप आग का गोला बन गई। इस भयानक हादसे में 3 लोगो की जिंदा जलकर मौत गई जबकि ड्राइवर बुरी तरीके से घायल हो गया।

डॉक्टरों ने तीन को किया मृत घोषित

हादसे की खबर मिलते ही रैणी थाने की टीम मौके पर पहुंच गई। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम भी फौरन रेस्क्यू शुरू कर दी। आग इतनी जबरदस्त थी कि शुरुआत में कोई गाड़ी के पास जा ही नहीं पा रहा था। काफी मुश्किलों के बाद आग बुझाई गई और पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस गाड़ी में कुल चार लोग थे। तीन लोग आग में बुरी तरह झुलस चुके थे। सभी को तुरंत रैणी के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत बहुत नाजुक है, इसलिए उसे जयपुर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

जो लोग इस दर्दनाक हादसे में जान गंवा बैठे, उनकी पहचान हो चुकी है हरियाणा के बहादुरगढ़ के मोहित, मध्य प्रदेश के सागर के दीपेंद्र और पदम। घायल ड्राइवर हन्नी है, जो हरियाणा के झज्जर से है। तीनों के शव रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं। पुलिस ने परिवारों को खबर दे दी है और अब उनके घरों में मातम पसरा है। एक ही पल में सब कुछ उजड़ गया। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। शुरुआत में यही माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और अचानक ट्रक से टकरा जाना हादसे की वजह बना।

एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसे बन रहा चिंता का विषय

वैसे ये कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ महीनों में खासतौर पर एक्सप्रेसवे और हाई-स्पीड कॉरिडोर पर लगातार भयानक सड़क हादसे हो रहे हैं। 15 दिसंबर 2025 को हरियाणा के नूंह में घना कोहरा छाया था, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर करीब 20 से 50 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। चार लोगों की मौत हुई, कई गंभीर रूप से घायल हो गए। नवंबर 2025 में मध्य प्रदेश के रतलाम और माही नदी के पास तेज रफ्तार कारें खाई में गिर गईं, दस लोगों की जान चली गई। अप्रैल 2025 में नूंह में सफाई कर्मचारियों पर तेज रफ्तार पिकअप चढ़ गई, छह लोगों की मौत हो गई। इन आंकड़ों से साफ है तेज रफ्तार, थकान, कोहरा और लापरवाही एक्सप्रेसवे पर जान ले रही है।

सबसे लंबा एक्सप्रेसवे, लेकिन सुरक्षा बड़ी चुनौती

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है, जो दिल्ली को मुंबई से जोड़ता है। इसकी लंबाई करीब 1350 से 1386 किलोमीटर है। ये 8-लेन है, आगे चलकर 12 लेन तक बढ़ाया जाएगा। कई सेक्शन चालू हैं, और यहां कारें 120 की रफ्तार से दौड़ती हैं। टेक्नोलॉजी और तेज सफर के बावजूद, सुरक्षा अब भी टेंशन बनी हुई है।

Keywords: Delhi Mumbai Expressway Accident, Alwar Road Accident, Rajasthan Expressway Fire, Pickup Truck Collision

What do you think?

- Advertisement -