महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के ताम्हिनी घाट (Tamhini Ghat) इलाके में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक एसयूवी के 400 फुट गहरी खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार तड़के यह हादसा उस समय हुआ जब एसयूवी में सवार सभी युवक पिकनिक मनाने ताम्हिनी घाट पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान कार अचानक खाई में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व जांच कार्य शुरू कर दिया। पुलिस खाई में गिरी कार की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ले रही है।
हादसे में मारे गए छह युवकों की उम्र 18 से 22 साल के बीच बताई जा रही है। सभी युवक पुणे से रायगढ़ जिले के ताम्हिनी घाट घूमने पहुंचे थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार खाई में कैसे गिरी।
पिछले महीने भी हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि पिछले महीने अक्टूबर में भी रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था। उस घटना में एक चलती कार पर पहाड़ से एक बड़ा पत्थर गिर गया था। पत्थर कार की सनरूफ तोड़कर अंदर घुस गया, जिससे अगली सीट पर बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
Keywords: Tamhini Ghat Accident, Raigad Accident News