- Advertisement -
- Advertisement -

WPL 2026: गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर प्लेऑफ में RCB ने की एंट्री, टेबल पॉइंट्स में स्मृति मंधाना की टीम कर रही एकतरफा राज

भारत स्पोर्ट्स
wpl 2026 rcb enters playoffs beats gujarat giants by 61 runs smriti mandhana team dominates points table

RCB Qualified Playoffs: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सोमवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 12वें मैच में गुजरात जायंट्स (जीजी) को 61 रन से हराया। इस सीजन की यह आरसीबी की लगातार पांचवीं जीत थी, और इसके साथ ही वे प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई हैं। शुरुआत में आरसीबी को झटका जरूर लगा, लेकिन उसके बाद टीम ने संभलकर खेल दिखाया।

शुरुआती झटकों के बाद आरसीबी की सधी हुई बल्लेबाजी

BCA स्टेडियम में WPL के 12वें मैच में टॉस हारने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बैटिंग शुरू की, और देखते ही देखते 9 रन के अंदर दो विकेट उड़ गए। माहौल थोड़ा तनाव में आ गया था। फिर स्मृति मंधाना ने कप्तान की तरह जिम्मेदारी ली, गौतमी नाइक के साथ मिलकर पारी को पटरी पर लाने की कोशिश की। इन दोनों ने 45 गेंद में 60 रन जोड़ दिए, जिससे टीम को राहत मिली और मैच में वापसी हुई। मंधाना ने 23 बॉल पर 26 रन बनाए और वे आउट हो गयी।

गौतमी नाइक का शानदार अर्धशतक

इसके बाद, गौतमी नाइक ने मोर्चा संभाल लिया। मंधाना के आउट होने के बावजूद, गौतमी नाइक ने ऋचा घोष के साथ मिलकर रन बनाते रहे और स्कोर को मजबूत किया। दोनों ने 45 गेंदों में 69 रन की साझेदारी की शानदार पारी खेली। गौतमी ने 55 गेंदों में 73 रन ठोक डाले, जिसमें एक छक्का और सात चौके थे। ऋचा ने भी 27 रन जोड़कर टीम को अच्छा सपोर्ट दिया। गुजरात की ओर से काशवी गौतम और एश्ले गार्डनर ने दो-दो विकेट निकाले, मगर आरसीबी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक नहीं पाईं। 20 ओवर में आरसीबी ने 6 विकेट पर 178 रन बना दिए।

गुजरात जायंट्स की पारी की लड़खड़ाती शुरुआत

अब बारी थी गुजरात जायंट्स की। 179 रन का पीछा करना था, लेकिन शुरुआत से ही गड़बड़ हो गई। सिर्फ 5 रन पर तीन विकेट गिर गए। रन चेज मुश्किल हो गया। अनुष्का शर्मा ने कप्तान एश्ले गार्डनर के साथ 29 रन जोड़े, थोड़ा संभाला, लेकिन अनुष्का 18 रन पर आउट हो गईं। 56 तक आते-आते छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मैच अब लगभग आरसीबी की मुट्ठी में आ गया था।

गार्डनर की जुझारू पारी, लेकिन आरसीबी की गेंदबाजी भारी

गार्डनर ने हार नहीं मानी। उन्होंने भारती फुलमाली के साथ 24 गेंद में 41 रन जोड़े, हार के अंतर को कम करने की कोशिश की। गार्डनर ने 43 गेंदों में 54 रन बनाए जिसमे एक छक्का और पांच चौके शामिल थे लेकिन दूसरे ओर से साथ नहीं मिला। भारती 14 रन बनाकर आउट हो गईं। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 117 रन ही बना पाई। आरसीबी की गेंदबाजी शानदार रही, सायली सतघरे ने तीन विकेट लिए, नादिन डी क्लार्क ने दो, और लॉरेन बेल, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल ने एक-एक विकेट निकाले। इस जीत के साथ आरसीबी ने प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली और अब वो खिताब की सबसे मजबूत दावेदार भी बन गई है।

Keywords: WPL 2026, Royal Challengers Bengaluru Women, Gujarat Giants Women, Smriti Mandhana, Gautami Naik, Richa Ghosh, Ashley Gardner, WPL Playoffs

What do you think?

- Advertisement -