कनाडा में 14 दिनों के भीतर दो भारतीयों की हत्या से सनसनी फैल गई है। लगातार हो रही इन हत्याओं के बाद मामला गरमा गया है और सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इसके पीछे कौन है और भारतीयों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामले में जिस भारतीय की हत्या हुई है, उसका नाम शिवांक अवस्थी है, जो यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो का छात्र था। बताया जा रहा है कि शिवांक अवस्थी को उस समय गोली मारी गई, जब वह यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) कैंपस के पास मौजूद था। इस घटना के बाद अब तक पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लग सका है। एक के बाद एक दो हत्याओं के बावजूद पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।
कौन थे शिवांक अवस्थी
कनाडा में मारे गए भारतीय मूल के छात्र शिवांक अवस्थी की उम्र महज 20 साल थी। वह यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) में साइंस स्ट्रीम से तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवांक चीयरलीडिंग टीम का एक सक्रिय सदस्य भी था। उसके साथी छात्रों के अनुसार, शिवांक बेहद मिलनसार स्वभाव का था और लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहता था। लेकिन 23 दिसंबर को दिनदहाड़े हाइलैंड क्रीक इलाके में उसे गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है।
पिछले सप्ताह हिमांशी की हुई थी हत्या
इससे पहले 20 दिसंबर की सुबह हिमांशी खुराना, जो कि 30 वर्षीय भारतीय नागरिक थीं, की हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतका की पहचान हिमांशी खुराना के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस अब्दुल गफूरी नामक एक व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसके खिलाफ वारंट भी जारी किया जा चुका है। हालांकि, अब तक कनाडाई पुलिस को इस केस में कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिली है।
भारतीय दूतावास ने व्यक्त किया दुख
भारतीय दूतावास ने टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो कैंपस के पास हुई इस घातक गोलीबारी की घटना में युवा भारतीय डॉक्टोरल छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक और पीड़ा व्यक्त की है। दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में वह शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ करीबी समन्वय में हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।