Petrol Diesel Price Hike: आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम फिर बढ़ा दिए हैं। पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। खास बात यह है कि बीते 10 दिनों के भीतर तीसरी बार ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
दिल्ली में फिर बढ़े तेल के दाम
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से वाहन चालकों की चिंता बढ़ती जा रही है।
10 दिनों में तीसरी बार बढ़ी महंगाई
बीते कुछ दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिला है। 15 मई को दोनों ईंधनों के दाम में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ। लगातार बढ़ोतरी के चलते पिछले 10 दिनों में ईंधन करीब 5 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है।
ईंधन बचत पर सरकार का जोर
हाल के दिनों में केंद्र सरकार लगातार ईंधन की खपत कम करने पर जोर देती नजर आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की थी। इसके बाद कई राज्यों में वीआईपी काफिलों की गाड़ियों की संख्या घटाई गई, ताकि ईंधन बचत का संदेश आम जनता तक पहुंच सके। प्रधानमंत्री के काफिले में भी वाहनों की संख्या कम कर प्रतीकात्मक पहल की गई थी।
ईंधन संकट की अफवाहों पर सरकार का बयान
कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच कई इलाकों से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों और ईंधन खत्म होने जैसी खबरें सामने आई थीं। हालांकि, केंद्र सरकार ने स्थिति को लेकर सफाई देते हुए कहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की थी।
कच्चे तेल के बाजार पर टिकी नजरें
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल सप्लाई पर भी देखने को मिल रहा है। इसी बीच ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं कि भारत ने मई महीने में सस्ते कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई है। जानकारों का मानना है कि अगर कम कीमत पर क्रूड ऑयल की खरीद जारी रहती है, तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव घट सकता है। हालांकि फिलहाल कीमतों में राहत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Keywords: Petrol Diesel Price Hike, Fuel Prices In Delhi, India Crude Oil Update, Petrol Diesel Latest News