कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के एक बयान पर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अय्यर ने दरअसल मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की तारीफ करते हुए कहा कि वे आने वाले चुनाव में अपना पद बरकरार रखेंगे। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के कुछ नेता हमलावर हो गए और उन्होंने मणिशंकर अय्यर पर तंज कसना शुरू कर दिया।
वहीं मणिशंकर अय्यर ने भी खुलकर सभी को जवाब देना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “डॉ. अंबेडकर की एक बायोग्राफी है – ‘ए पार्ट अपार्ट’। तो मैं बस यही कह सकता हूं। राहुल गांधी भूल गए हैं कि मैं पार्टी का सदस्य हूं। इसलिए मैं गांधीवादी हूं, मैं नेहरूवादी हूं, मैं राजीववादी हूं, लेकिन मैं राहुलवादी नहीं हूं।”
पवन खेड़ा पर बोले
मणिशंकर अय्यर ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी में हूं, मैंने इसे छोड़ा नहीं है। अगर पवन खेड़ा मुझे निकालने वाले हैं, तो मैं खुशी-खुशी बाहर जाकर उनके पीछे लात मारूंगा।” उनका यह बयान उस वक्त आया जब उन्होंने खुले मंच से पिनाराई विजयन की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि पिनाराई अगली बार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
उनके इस बयान के बाद पवन खेड़ा ने कहा था कि मणि शंकर अय्यर पिछले कुछ समय से कांग्रेस की सक्रिय राजनीति से जुड़े नहीं हैं। उनके हालिया बयान किसी आधिकारिक पार्टी रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि वे अपनी व्यक्तिगत हैसियत में विचार व्यक्त कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मौजूदा समय में केरल में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की सरकार है। अब इसी साल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बार वाम मोर्चा (LDF) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में चुनाव से पहले कांग्रेस नेता द्वारा दूसरे दल की तारीफ करना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
Keywords: Mani Shankar Aiyar Controversy, Pawan Khera Response To Aiyar, Kerala 2026 Election Congress Vs LDF