मुंबई: डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। इस मामले से जुड़े हर एंगल की बारीकी से जांच की जा रही है। फायरिंग के वक्त रोहित शेट्टी उसी घर में मौजूद थे, जहां यह घटना हुई। शुरुआत में सुरक्षा में तैनात गार्ड्स को लगा कि किसी ने पटाखे फोड़े हैं, लेकिन बाद में पता चला कि यह फायरिंग की घटना थी। फिलहाल इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। जांच के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों—अमन आनंद, आदित्य ज्ञानेश्वर, सिद्धार्थ दीपक, समर्थ और स्वप्निल—को क्रिमिनल कोर्ट में पेश किया गया था। फायरिंग की घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वहीं इस घटना से जुड़ी सीसीटीव सामने आई है। जिसमें बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार शख्स ने ही फायरिंग की थी. उसके बाद वो भागता नजर आया है।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा:
बताया जा रहा है कि हमले के बाद फेसबुक पर शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई नाम की सोशल मीडिया आईडी से एक पोस्ट किया गया, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में धमकी भरे लहजे में न सिर्फ रोहित शेट्टी बल्कि अन्य फिल्मी हस्तियों का भी जिक्र किया गया है। मैसेज में कहा गया है कि पहले भी चेतावनी दी गई थी और इस घटना को “छोटा सा ट्रेलर” बताया गया है। पोस्ट में आगे धमकी दी गई है कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगली बार हमला घर के बाहर नहीं, बल्कि घर के अंदर किया जाएगा।
Keywords: Rohit Shetty House Firing, Mumbai Firing, Rohit Shetty, Mumbai Police