देशभर में बाढ़ बारिश की तबाही से देश के कई राज्यों को हाल बेहाल हैं। इस बीच हिमाचल में आई बाढ़ बारिश और भूस्खलन का पीएम मोदी ने हवाई सर्वेक्षण किया है। इस मानसून में बाढ़,बारिश और भूस्खलन की वजह से कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पीएम ने हिमाचल के मंडी और कुल्लू में बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया है। उन्होंने आपदा प्रभावित राज्य के लिए 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि का एलान किया।
उन्होंने एक पोस्ट जारी कर कहा- ‘हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया। हम इस कठिन समय में लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और प्रभावित लोगों को लगातार सहायता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।’
इतना ही नहीं हिमाचल को 1,500 करोड़ की सहायता राशि के साथ-साथ केंद्र सरकार SDRF और पीएम किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त भी पहले ही जारी करेगी। वहीं इस दौरान पीएम ने कहा बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर जल्द से जल्द लौटे इसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है।
बाढ़ की स्थिति को लेकर PM ने प्रेजेंटेशन देखी
गौर करने वाली बात ये हैं कि PM मोदी ने हिमाचल में बाढ़ की स्थिति पर प्रेजेंटेशन भी देखी। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ बात की। वहीं पीएम मोदी ने बाढ़ की स्थिति का आंकलन करने के लिए NDRF और SDRF कर्मियों के साथ बात की है।
पीएम आवास योजना के तहत पुनर्निर्माण
हिमाचल में भूस्खलन और फ्लड की चपेट में आने से जिनके घरों को क्षति पहुंची, पीएम आवास योजना के तहत उन घरों का पुनर्निर्माण होगा। राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत की जाएगी, स्कूलों का पुनर्निर्माण होगा। इसके साथ ही आपदा प्रभावित लोगों को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से भी मदद मिलेगी। वहीं पशुधन के लिए मिनी किट जारी होनी है।
क्षतिग्रस्त घरों की जियोटैगिंग
राज्य में आई आपदा से बिजली को लेकर बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से उन किसानों, जिनके पास फिलहाल बिजली कनेक्शन नहीं है, को अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। पीएम आवास योजना के तहत, क्षतिग्रस्त घरों की जियोटैगिंग भी होगी।
हिमाचल में 370 से ज्यादा मौतें
20 जून से 8 सितंबर के बीच हिमाचल में भारी बारिश, बादल फटने, और लैंडस्लाइड की वजह से 4,122 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी यानी SDMA और स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के मुताबिक, राज्य में 370 से ज्यादा लोगों की जान गई है, जिनमें से 205 लोगों की मौत बारिश की घटनाओं, 43 भूस्खलन, 17 बादल फटने और 9 लोग फ्लैश फ्लड में अपनी जान गंवा चुके हैं।
Keywords: PM Modi Aerial Survey Of Flood Affected Areas, PM Modi Survey Of Flood Affected Areas, PM Modi On Himachal Flood, PM Announced 1500 Crores Help For Affected State