रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द भारत का दौरा करेंगे, इसकी जानकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मास्को में दी। यात्रा की तारीखें लगभग तय मानी जा रही हैं। यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक तनाव गहराता जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने मास्को यात्रा के दौरान कहा, “भारत और रूस के बीच लंबे समय से विशेष और मजबूत रिश्ते रहे हैं। उच्चस्तरीय मुलाकातों से इन संबंधों को और मजबूती मिली है। हमें यह जानकर खुशी हुई कि राष्ट्रपति पुतिन जल्द भारत यात्रा पर आएंगे। मेरा मानना है कि तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं।”
इसी साल हो सकता है पुतिन का भारत दौरा
रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन का यह दौरा साल के अंत तक हो सकता है। यह यात्रा ऐसे समय में होने जा रही है जब अमेरिका भारत पर रूस से तेल खरीदने को लेकर दबाव बना रहा है।
ट्रंप की चेतावनी और आयात शुल्क
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। यह कदम भारत द्वारा रूस से तेल की लगातार खरीद के विरोध में उठाया गया है। कार्यकारी आदेश में कहा गया, “भारत प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से रूसी तेल का आयात कर रहा है।” इसे “राष्ट्रीय आपातकालीन स्थिति” के तहत अमेरिका ने आवश्यक और उचित कदम बताया है। रूस से तेल खरीदने को लेकर ट्रंप प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। भारत ने दोहराया है कि ऊर्जा सुरक्षा के लिए वह सभी संभावित स्रोतों से तेल खरीदने के अपने अधिकार को सुरक्षित रखता है।
ट्रंप की अगली चेतावनी
इसके साथ ही अमेरिका ने यह भी धमकी दी है कि यदि रूस यूक्रेन में युद्ध समाप्त नहीं करता है, तो वह रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर और भी अधिक आर्थिक प्रतिबंध और शुल्क लगा सकता है। बहरहाल पुतिन का ये दौरा ट्रंप को एक करारा जबाव होगा देखना अब दिलचस्प होगा पुतिन के भारत दौरे के बाद बौखलाए ट्रंप क्या कदम उठाते हैं?