- Advertisement -
- Advertisement -

US-Israel Iran War: अमेरिका-इजरायल हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हुई मौत, देश में 40 दिनों के शोक की घोषणा

दुनिया भारत
us israel iran war supreme leader khamenei dies in attack iran declares 40 days of mourning

तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का निधन हो गया है। इस खबर की पुष्टि अब ईरानी मीडिया ने भी कर दी है। सरकारी टेलीविजन और समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि खामेनेई का निधन 86 वर्ष की आयु में हुआ, लेकिन उनकी मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि खामेनेई ईरान के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अमेरिकी-इजरायली मिशन में मारे गए थे।

खामेनेई के निधन की पुष्टि के बाद, ईरानी मीडिया ने लिखा, “अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों को यह जरूर बताना कि हमने वह वक्त देखा जब 86 साल के एक महान नेता ने अकेले ही इस्लाम की रक्षा के लिए संघर्ष किया, जबकि पूरी दुनिया और मुस्लिम देश मौन और लापरवाही में डूबे हुए थे। इस उम्र में भी वह अडिग रहे, न थके, न झुके, और हमेशा सत्य की आवाज़ उठाते रहे। यह इतिहास का एक ऐसा महत्वपूर्ण पल है जिसे आने वाली पीढ़ियाँ गर्व और आश्चर्य के साथ पढ़ेंगी। अल्लाह इस अद्वितीय शख्स की रक्षा करे, उसे सेहत और सहनशीलता प्रदान करे, और सच को विजय दिलाए।”

हमले में खामेनेई के परिवार के सदस्य की भी हुई मौत

ईरान ने खामेनेई के निधन के बाद देशभर में 40 दिनों के शोक की घोषणा की है और साथ ही सात दिनों के सार्वजनिक अवकाश का ऐलान भी किया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, खामेनेई के परिवार के सदस्य, जिनमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल हैं, भी हत्या के शिकार हुए हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में खामेनेई की मौत को “इतिहास के सबसे क्रूर शासकों में से एक” के रूप में वर्णित किया, और इसे ईरान के नागरिकों, अमेरिका और अन्य देशों के लिए न्याय का प्रतीक बताया, जिनके लोग खामेनेई और उसके गैंग के हाथों मारे गए या घायल हुए थे।

खामेनेई की मौत पर ईरान का बयान

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद, देश में जबरदस्त आक्रोश है। ईरानी सरकार ने बयान दिया कि खामेनेई की मौत अमेरिकी और इजरायली हमले के कारण हुई है, और इसे एक गंभीर अपराध मानते हुए कहा कि इसे बिना किसी जवाब के नहीं छोड़ा जाएगा।

इजरायल-अमेरिका के हमलों में ईरानी रक्षा मंत्री और गार्ड्स कमांडर की मौत

इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हुए भीषण सैन्य हमलों के बाद एक नई खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख मोहम्मद पाकपूर इस हमले में मारे गए हैं। अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों ने शनिवार को ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास को बाधित करने के उद्देश्य से एक संयुक्त सैन्य अभियान शुरू किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए घोषणा की कि अमेरिका ने ईरान में बड़े सैन्य ऑपरेशंस की शुरुआत कर दी है।

Keywords: Ali Khamenei Death, Iran-US-Israel Conflict, Iranian Supreme Leader, Military Operations Iran

What do you think?

- Advertisement -