- Advertisement -
- Advertisement -

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ पर हंस रही है दुनिया, नकली पिज़्ज़ा हट फ्रेंचाइजी का कर दिया उद्घाटन

दुनिया भारत
pakistan defence minister khawaja asif inaugurates fake pizza hut franchise sialkot

सियालकोट: भारत का पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान हो या वहां के नेता, अपनी उल-जुलूल हरकतों की वजह से अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। आर्थिक बदहाली से जूझ रहे पाकिस्तान के हालात किसी से छिपे नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वहां के नेता अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान के नेता लगातार भारत को गीदड़भभकियों से डराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

इसी बीच अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे देखकर हर कोई हंस रहा है। दरअसल, ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट में एक पिज़्ज़ा हट फ्रेंचाइजी का उद्घाटन किया। लेकिन उन्हें यह तक पता नहीं था कि जिस पिज़्ज़ा हट का वे उद्घाटन कर रहे हैं, वह नकली फ्रेंचाइजी निकली। इस पूरे मामले पर पिज़्ज़ा हट पाकिस्तान को सफाई देनी पड़ी। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि सियालकोट कैंटोनमेंट में पिज़्ज़ा हट के नाम और ब्रांडिंग का गलत इस्तेमाल करते हुए एक अनधिकृत आउटलेट हाल ही में खोला गया है।

पिज़्ज़ा हट पाकिस्तान ने स्पष्ट किया कि यह आउटलेट न तो पिज़्ज़ा हट पाकिस्तान से जुड़ा है और न ही यम! ब्रांड्स से। साथ ही यह आउटलेट पिज़्ज़ा हट की अंतरराष्ट्रीय रेसिपी, गुणवत्ता मानकों, खाद्य सुरक्षा और संचालन प्रक्रियाओं का पालन नहीं करता है। कंपनी ने बताया कि ट्रेडमार्क के दुरुपयोग को रोकने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

पिज़्ज़ा हट पाकिस्तान के अनुसार, वह फिलहाल देशभर में कुल 16 स्टोर संचालित करता है, जिनमें 14 लाहौर और 2 इस्लामाबाद में हैं। पाकिस्तान में संचालित सभी आधिकारिक पिज़्ज़ा हट लोकेशनों की जानकारी कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री द्वारा नकली पिज़्ज़ा हट के उद्घाटन के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। लोग पाकिस्तान की बदहाल आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए तंज कस रहे हैं। इन दिनों पाकिस्तान की माली हालत बेहद खराब है और हालात ऐसे हैं कि चंदे के सहारे देश चलाने की नौबत आ गई है।

Keywords: Pakistan, Khawaja Asif, Fake Pizza Hut, Pizza Hut Pakistan, Sialkot Pizza Hut, Pakistan News

What do you think?

- Advertisement -