पाकिस्तान में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लड़ाकों ने एक साथ 10 शहरों में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। इन हमलों की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है और इसे ऑपरेशन हेरोफ पार्ट-2 का हिस्सा बताया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन हमलों में एक दर्जन से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है, जबकि तीन बलूच लड़ाकों के भी मारे जाने की सूचना सामने आई है।
हमलों के बाद पाकिस्तान ने बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। प्रमुख शहरों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू और मेडिकल टीमें अलर्ट मोड पर रखी गई हैं। वहीं सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को देखते हुए लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक अब तक किसी भी आम नागरिक के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिसे राहत की बात माना जा रहा है।
बीएलए के बयान के अनुसार, संगठन के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कई इलाकों में एक साथ समन्वित हमले किए। इन हमलों का निशाना प्रांत की राजधानी क्वेटा के अलावा नोशकी, माष्टुंग, दलबदिन, कलाट, खारन, ग्वादर, पसनी, टंप और बुलेडा में स्थित पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के ठिकाने रहे। संगठन ने दावा किया है कि क्वेटा, पसनी, ग्वादर, नोशकी और दलबदिन में किए गए हमले फिदायीन प्रकृति के थे, जिन्हें बीएलए की मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। बीएलए का यह भी कहना है कि हमलों के दौरान उसके लड़ाके कई जगहों पर पाकिस्तानी सेना के कैंपों के भीतर तक घुसने में सफल रहे।
इस बीच बलूचिस्तान सरकार ने दावा किया है कि पिछले 48 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रांत के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए अभियानों में 70 से अधिक विद्रोहियों को मार गिराया है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक और मीडिया मामलों के विशेष सलाहकार शाहिद रिंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की और कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर पुलिस ने नसीराबाद जिले में एक रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने की पुष्टि की है। जांच के दौरान मौके से आईईडी, एंटी-टैंक माइन और अन्य विस्फोटक पदार्थ मिले हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र इलाके को घेर लिया गया है और बम निरोधक दस्ते द्वारा विस्फोटकों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई जारी है।
Keywords: BLA Attack, Baluchistan Attack, Pakistan Army Attack, ISI Headquarters Attack, Baloch Liberation Army, Baluchistan Violence