लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। लखीमपुर खीरी में एक तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की भिड़ंत में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बहराइच में एक कार की कंबाइन हार्वेस्टर से टक्कर हो गई, जिसमें 4 लोगों ने जान गंवा दी। हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा
लखीमपुर खीरी के धौरहरा इलाके में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-730 पर उन्चगांव और भरेहता गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 8 लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों वाहन आमने-सामने टकराए थे।
बहराइच में तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
बहराइच जिले में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में 4 लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, एक कार नानपारा की तरफ से बहराइच आ रही थी, तभी रास्ते में अचानक एक कंबाइन हार्वेस्टर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक सभी बहराइच जिले के निवासी थे।
Keywords: Uttar Pradesh Road Accident, Lakhimpur Kheri Accident, UP Highway Accident