- Advertisement -
- Advertisement -

Mirzapur News: चुनार स्टेशन पर बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से 6 महिला श्रद्धालुओं की मौत, देव दीपावली पर वाराणसी जा रहीं थीं, CM ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश भारत
mirzapur chunar railway accident 6 women dev deepawali

Photo Credit - Social Media

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में गंगा स्नान के लिए जा रही महिला श्रद्धालुएं रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक सभी श्रद्धालु चोपन से वाराणसी जा रहे थे। वे पहले एक पैसेंजर ट्रेन से चुनार स्टेशन पहुंचे थे, जहां से वाराणसी जाने के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी। फुट ओवर ब्रिज की जगह उन्होंने रेलवे ट्रैक पार करने का रास्ता चुना, तभी वहां से कालका एक्सप्रेस तेज रफ्तार में गुजर रही थी और महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शवों के चीथड़े उड़ गए, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। RPF और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन अचानक आ गई। कई श्रद्धालु जल्दी में ट्रैक पार कर रहे थे। कुछ महिलाएं फिसल गईं और ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद चुनार स्टेशन पर कुछ देर के लिए ट्रेन संचालन भी प्रभावित हुआ।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही SDM चुनार, अपर पुलिस अधीक्षक और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हरसंभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और हादसे की जांच की जाए।”

देव दीपावली पर वाराणसी जा रहे थे श्रद्धालु

देव दीपावली के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालु वाराणसी में गंगा स्नान और दीपदान के लिए पहुंचते हैं। इसी कड़ी में मिर्जापुर और सोनभद्र क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग हर साल ट्रेन से वाराणसी जाते हैं। भीड़ के कारण कई लोग जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी करते हुए ट्रैक पार कर जाते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं हो जाती हैं।

चुनार रेलवे स्टेशन पर हुआ यह हादसा एक बार फिर रेल सुरक्षा और जागरूकता की कमी को उजागर करता है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में ट्रैक पार न करें और हमेशा फुट ओवर ब्रिज या सबवे का ही इस्तेमाल करें।

Keywords: Mirzapur News, Chunar Station Accident, Mirzapur Train Accident, Mirzapur Dev Deepawali, Mirzapur Latest News, UP Train Accident

What do you think?

- Advertisement -