- Advertisement -
- Advertisement -

भीख मांगी,चूहों ने काटा… इस एक्ट्रेस ने छोड़ी ग्लैमर की दुनिया, मां-बहन की मौत और बैंक घोटाले ने बदल दी ज़िंदगी

टीवी सेलिब्रिटी न्यूज़
begged for food bitten by rats this actress left the glamour world after losing her mother and sister bank scam changed her life forever

‘अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो’ और ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’ जैसी मशहूर टीवी सीरियल्स से पहचानी जाने वाली नूपुर अलंकार कभी छोटे पर्दे की जानी-मानी एक्ट्रेस थीं। मगर 2022 में उन्होंने अचानक सब कुछ छोड़ दिया परिवार, करियर, घर और कदम रख दिया संन्यास के रास्ते पर। तीन साल बाद उन्होंने बताया कि अब उनकी ज़िंदगी कैसी बीत रही है और कैसे पीएमसी बैंक घोटाले, मां और बहन की मौत, और आर्थिक संकटों ने उन्हें इस मोड़ तक पहुंचाया।

आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत

नूपुर अलंकार ने हाल ही में ही दिए एक इंटरव्यू में बातचीत में बताया कि उनके भीतर हमेशा से ही एक आध्यात्मिक झुकाव था। वह कहती हैं, “मैं हमेशा अनुशासित और सादगीपूर्ण जीवन जीती थी। लेकिन जब मेरे साथ जो कुछ हुआ, उसने मेरी सोच ही बदल दी। सब कुछ पीएमसी बैंक घोटाले से शुरू हुआ वहीं से जीवन की सच्चाई सामने आई।”
बैंक घोटाले के कारण उनकी सारी जमा पूंजी फ्रीज़ हो गई थी। घर में पैसों की भारी किल्लत हो गई और परिवार के इलाज तक के लिए पैसे नहीं बचे।

मां और बहन को खोने का दर्द

नूपुर बताती हैं कि इस घोटाले के बाद उनकी मां बीमार पड़ गईं, और इलाज के लिए पैसे की कमी ने हालात को और खराब कर दिया। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी मां और बहन दोनों को खो दिया। उन्होंने कहा,
“मां और बहन मेरी ज़िंदगी का आखिरी सहारा थीं। उनके जाने के बाद मुझे इस सांसारिक जीवन से कोई लगाव नहीं रहा। मैंने अपने करीबियों से अनुमति ली और फिर संन्यास का निर्णय लिया।”

अब कैसी है नूपुर की ज़िंदगी

नूपुर अब पहाड़ों और आश्रमों में रहती हैं। उन्होंने बताया कि अब उनका जीवन बहुत सरल हो गया है, “पहले हर महीने बिल, किराया और खर्चों का तनाव रहता था। अब बस कुछ जोड़ी कपड़े हैं, और उतना ही भोजन जितना ज़रूरत हो।” वह हर महीने लगभग 10 से 12 हजार रुपये में अपना गुज़ारा करती हैं। कई बार वह भिक्षाटन यानी भिक्षा मांगने की प्रथा भी निभाती हैं। नूपुर ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने कई बार गुफाओं में रहकर जीवन बिताया है। “चूहे काट लेते थे, ठंड में शीतदंश झेलना पड़ता था, लेकिन ये अनुभव मुझे भीतर से मजबूत बनाते रहे। अब मुझे किसी चीज़ की चाह नहीं रही।”

बैंक घोटाले ने सब छीन लिया

2019 में हुए पीएमसी बैंक स्कैम ने नूपुर की आर्थिक स्थिति पूरी तरह हिला दी। उनके बैंक खाते फ्रीज़ हो गए और उन्हें अपने गहने तक बेचने पड़े। उन्होंने आगे कहा, “घर में पैसे नहीं थे। मुझे दोस्तों से उधार लेना पड़ा। एक एक्टर दोस्त ने 3,000 रुपये दिए, दूसरे ने 500 रुपये ट्रांसफर किए ताकि मैं अपने आने-जाने का खर्च निकाल सकूं। मैंने करीब 50,000 रुपये उधार लिए थे।” उन्होंने आगे बटाया, “मैंने हमेशा ईमानदारी से टैक्स दिया, मेहनत की, फिर भी मुझे अपनी मेहनत की कमाई के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ा? आखिर मेरे साथ ही क्यों हुआ?”

ईश्वर से गहरा जुड़ाव

आज नूपुर का कहना है कि उन्होंने अपने भीतर ईश्वर को पा लिया है। वो कहती हैं “आध्यात्मिकता ने मुझे सहजता दी है। अब न गुस्सा है, न भय। मैंने जीवन को उसके सबसे सच्चे रूप में देखा है। मैं चाहती हूं कि हर इंसान सादगी से जिए और ईश्वर से अपना संबंध जोड़े।” बहरहाल कभी ग्लैमर की दुनिया में चमकती रहीं नूपुर ने अब भीतर की शांति को अपनी पहचान बना लिया है।

Keywords: Nupur Alankar, TV Actress Turned Monk, PMC Bank Scam, Spiritual Journey

What do you think?

- Advertisement -