रोहतक में 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत ने खेल प्रेमियों और विपक्ष को गहरा झटका दिया है। यह हादसा लालचौपड़ा खेल परिसर में अभ्यास के दौरान हुआ, जब भारी बास्केटबॉल पोल गिरने से हार्दिक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस सांसद ने उठाए सवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना न केवल दुखद है, बल्कि यह हरियाणा में खेल अधोसंरचना और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर कमी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस और निगरानी में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सभी स्टेडियमों की सुरक्षा ऑडिट की मांग
सैलजा ने कहा कि यह केवल रोहतक तक सीमित नहीं है। सिरसा के चौधरी दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम, शहीद भगत सिंह स्टेडियम, और डबवाली खेल स्टेडियम जैसी कई सुविधाएं लंबे समय से टूटी और खराब रखरखाव वाली हैं। उन्होंने राज्य सरकार से कहा कि सभी स्टेडियमों का सुरक्षा ऑडिट करवाया जाए और आवश्यक सुधार तुरंत किए जाएं, ताकि भविष्य में कोई खिलाड़ी ऐसी दुर्घटना का शिकार न बने।
विस में खेल स्टेडियमों के रखरखाव का उठाएंगे मुद्दा- Ex CM
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हार्दिक राठी के परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा सत्र में खेल स्टेडियमों के रखरखाव का मुद्दा उठाया जाएगा। सैलजा और हुड्डा दोनों ने जोर देकर कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की भूमि है और राज्य सरकार को खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, नियमित निरीक्षण और पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
Keywords: Hardik Rathi Death, Kumari Selja Statement, Bhupinder Singh Hooda Criticism