- Advertisement -
- Advertisement -

“हम सिर्फ मुसलमान औरत नहीं, हिंदुस्तान की मुसलमान औरत हैं…” यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ का ट्रेलर कर देगा रोंगटे खड़े

मूवीज़ बॉलीवुड सेलिब्रिटी न्यूज़
We are not just Muslim women we are Indian Muslim women… Yami Gautams film ‘Haq trailer will give you goosebumps

यामी गौतम धर और इमरान हाशमी स्टारर फिल्म हक का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों को भीतर तक झकझोर दिया है। सुपर्ण एस वर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत के सबसे चर्चित और ऐतिहासिक मामलों में से एक शाह बानो केस पर आधारित है। फिल्म एक मुस्लिम महिला की अपने अधिकारों और सम्मान के लिए लड़ी गई कानूनी जंग की कहानी कहती है , एक ऐसी लड़ाई जिसने भारतीय न्याय व्यवस्था और समाज दोनों को झकझोर कर रख दिया था।

दमदार डायलॉग

ट्रेलर के आखिरी दस सेकंड में यामी गौतम के मुंह से निकला यह डायलॉग , “हम सिर्फ मुसलमान औरत नहीं, हिंदुस्तान की मुसलमान औरत हैं, इसी मिट्टी में पले-बढ़े हैं, इसलिए कानून हमें भी उसी नजर से देखे, जिससे बाकी हिंदुस्तानियों को देखता है…” पूरे ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली और भावनात्मक पल बन जाता है।कोर्टरूम में आंखों में आंसू लिए खड़ी शाजिया बानो के रूप में यामी गौतम की डायलॉग डिलीवरी ऐसी है कि सुनने वाले के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। वहीं, उनके पति अब्बास के किरदार में इमरान हाशमी इस्लाम और पुरुषवादी सोच के प्रतिनिधि के रूप में दिखाई देते हैं, जो धर्म के नाम पर अपने पक्ष को सही साबित करने की कोशिश करते हैं। दोनों के बीच के संवाद और टकराव इस बात का प्रमाण हैं कि दोनों कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं में पूरी आत्मा झोंक दी है।

ट्रेलर की कहानी और टकराव

ट्रेलर की शुरुआत शाजिया और अब्बास की बातचीत से होती है। अब्बास कहता है, “बात इस हद तक नहीं पहुंचनी चाहिए थी। तुम्हें लगा था कि मैं डर जाऊंगा?” इसके जवाब में शाजिया शांत स्वर में कहती है, “बात अपनी बात रखने की थी।” इसके बाद शुरू होती है एक ऐसी कानूनी लड़ाई, जो केवल एक तलाकशुदा महिला के गुजारे-भत्ते के लिए नहीं, बल्कि समानता और न्याय के लिए है। यह लड़ाई धर्मनिरपेक्ष कानून और मुस्लिम पर्सनल लॉ के बीच की खींचतान को सामने लाती है।

ट्रेलर में एक सवाल उभरता है , “हर सजा और कानून सिर्फ महिलाओं के लिए ही क्यों आरक्षित हैं?”
फिल्म यह प्रश्न उठाती है कि क्या समाज और कानून महिलाओं के साथ न्याय कर रहे हैं या फिर वे धर्म और परंपरा के नाम पर उनके अधिकारों को सीमित कर देते हैं।

शाह बानो केस से प्रेरित कहानी

हक, 1985 के ऐतिहासिक शाह बानो केस से प्रेरित है, जिसने भारतीय समाज में धार्मिक कानूनों और संवैधानिक अधिकारों के बीच संतुलन को लेकर एक गहरा विमर्श खड़ा किया था। फिल्म के ट्रेलर में हमें शाजिया और अब्बास के रिश्ते के पुराने दिनों की झलक भी मिलती है , प्यार, विश्वास और फिर उस रिश्ते का धीरे-धीरे टूटना। जब अब्बास अपनी जिंदगी में दूसरी औरत को शामिल करता है, तब शाजिया का विरोध उस संघर्ष की शुरुआत बन जाता है जो बाद में पूरे समाज का मुद्दा बन जाती है।

इतिहास हमेशा के लिए बदल गया

ट्रेलर के एक दृश्य में स्क्रीन पर लिखा आता है , “जब चुप्पी टूटी, तो इतिहास हमेशा के लिए बदल गया।”
यह वाक्य पूरे संघर्ष का सार है। जब शाजिया अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती है, तो उसका अपना समुदाय भी उसके खिलाफ खड़ा हो जाता है। लेकिन वह पीछे नहीं हटती। वह अपने हक के लिए आखिरी सांस तक लड़ती है।

फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट

फिल्म में यामी गौतम धर और इमरान हाशमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ वर्तिका सिंह, दानिश हुसैन, शीबा चड्ढा और असीम हट्टंगड़ी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और संवाद रेशु नाथ ने लिखे हैं, जबकि संगीत विशाल मिश्रा ने दिया है। निर्देशक सुपर्ण एस वर्मा अपने गहन और संवेदनशील विषयों के लिए जाने जाते हैं, और हक भी उसी दिशा में एक सशक्त कदम प्रतीत होती है।

रिलीज डेट

हक फिल्म 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों में एक गहरी चर्चा पैदा कर चुका है। यामी गौतम के दमदार अभिनय और इमरान हाशमी के सशक्त संवादों के बीच यह फिल्म न सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा होगी, बल्कि महिला सशक्तिकरण और समानता पर एक गूंजता हुआ बयान भी साबित हो सकती है।

Keywords: Yami Gautam Haq Movie, Haq Trailer Release, Shah Bano Case Film, Supan Verma Direction

What do you think?

- Advertisement -