बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर अपनी पत्नी सुनीता आहूजा द्वारा दिए गए विवादित बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब सुनीता ने एक पॉडकास्ट के दौरान अपने पति के धार्मिक अनुष्ठानों और परिवार के पुराने पुरोहित पंडित मुकेश शुक्ला को लेकर कुछ ऐसी बातें कह दीं, जिन्हें कई लोगों ने अपमानजनक माना।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सुनीता आहूजा ने एक पॉडकास्ट में कहा था कि, “हमारे घर में भी गोविंदा के पंडित हैं। वो हर पूजा के लिए कहते हैं कि दो लाख रुपये दो, पूजा करवाओ। मैं गोविंदा से कहती हूं कि खुद ही पूजा कर लो, क्योंकि किसी और के करवाए अनुष्ठान का कोई असर नहीं होता। भगवान तभी प्रसन्न होते हैं जब इंसान खुद भक्ति करे। मैं इन सब दिखावे वाली बातों में भरोसा नहीं रखती। अगर मैं दान करती हूं या कोई अच्छा काम करती हूं तो वो मैं अपने कर्मों के लिए अपने हाथों से करती हूं। डरने वाला तो वैसे ही डर जाएगा।” सुनीता यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे कहा, “गोविंदा जिन लोगों के बीच रहते हैं, उनमें कई ऐसे हैं जो खुद को ज्ञानी समझते हैं लेकिन वास्तव में मूर्ख हैं। वे गोविंदा को गलत सलाह देते हैं और उन्हें भटकाते हैं। ऐसे लोग मुझे इसलिए पसंद नहीं करते क्योंकि मैं सच बोलती हूं।”
गोविंदा ने मांगी माफी
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर सुनीता के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगी। लोग इसे उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित ज्योतिषी पंडित मुकेश शुक्ला के प्रति असम्मानजनक बताते हुए गोविंदा के परिवार को ट्रोल करने लगे। अब इस विवाद के बीच अभिनेता गोविंदा ने खुद सामने आकर अपनी पत्नी की टिप्पणियों से असहमति जताई है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, “मैं कई सालों से पंडित मुकेश शुक्ला जी से परामर्श करता आया हूं और उनका बहुत ¹ करता हूं। मेरी पत्नी ने जो भी टिप्पणी की, वह उनका व्यक्तिगत दृष्टिकोण था। मैं उनके शब्दों की निंदा करता हूं और पंडित जी तथा उनके अनुयायियों से तहे दिल से माफी मांगता हूं।” गोविंदा ने आगे कहा कि वे हमेशा से धर्म और आस्था में विश्वास रखते हैं और उन्होंने कभी किसी धार्मिक या ज्योतिषीय व्यक्तित्व का अपमान नहीं किया है।
इस पूरी घटना के बाद एक बार फिर सुनीता आहूजा चर्चा में हैं। पहले भी वे अपने बेबाक बयानों और गोविंदा के निजी जीवन से जुड़े खुलासों को लेकर कई बार सुर्खियों में रह चुकी हैं। वहीं, अभिनेता के इस माफीनामे को लेकर अब सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं कुछ लोग गोविंदा की सादगी की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ का कहना है कि इस विवाद को शांत कराने का यही सबसे सम्मानजनक तरीका था।
Keywords: Govinda Apology, Sunita Ahuja Statement, Bollywood News