देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके की तेज आवाज़ सुनाई दी। मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:45 बजे (या 7 बजे से ठीक पहले) लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में विस्फोट हो गया।
धमाका इतना ज़ोरदार था कि आसपास खड़ी 3 से 4 गाड़ियों में भी आग लग गई और वे क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके की आवाज़ सुनते ही आसपास के लाजपत राय बाजार और लाल किले के इलाके में दहशत फैल गई और लोग मौके से भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं और पुलिस बल ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
मौके पर दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच
दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और धमाके के सही कारण की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह विस्फोट कार में हुआ, लेकिन इसके पीछे की वजह (तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण) अभी स्पष्ट नहीं है।
इस हादसे में 2-3 लोगों को घायल होने की खबर है। आसपास के लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत है।