महाराष्ट्र में आज स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव से यह साफ हो जाएगा कि राज्य में किसकी पकड़ मजबूत है। क्या उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना और उसके साथी दलों को ‘लाड़की बहन’ योजना का फायदा मिलेगा, या फिर उद्धव ठाकरे और उनके सहयोगी दलों पर जनता भरोसा जताएगी।
महाराष्ट्र में स्थानीय निकायों के चुनाव 264 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए कराए जा रहे हैं। इस चुनाव में महायुति और महा विकास आघाड़ी ने पूरी ताकत झोंक दी है। बता दें कि महाराष्ट्र में 246 नगर परिषदों पर चुनाव हो रहा है, जबकि 42 नगर पंचायतों पर चुनाव 20 दिसंबर को होना है। इस बार का चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के जरिए कराया जा रहा है।
एक करोड़ सात लाख मतदाता करेंगे मतदान
गौरतलब है कि इस बार स्थानीय निकाय चुनाव में एक करोड़ सात लाख मतदाता, स्थानीय निकायों के 6,859 सदस्यों और 288 अध्यक्षों के भविष्य का फैसला करेंगे। 264 सीटों के लिए 13,355 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुका है और शाम 5:30 बजे तक जारी रहेगा। वहीं, तीन दिसंबर को वोटों की गिनती की जाएगी।
दिलचस्प होगा मुकाबला
इस बार विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद बीजेपी के हौसले बुलंद हैं। दूसरी तरफ शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। एक तरफ देवेंद्र फडणवीस, तो दूसरी तरफ एकनाथ शिंदे आमने-सामने हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कई बार दोनों पक्षों के नेताओं में तीखे आरोप–प्रतिआरोप भी देखने को मिले।
इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों को स्थगित करने के फैसले को गलत बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की।
Keywords:– Maharashtra Local body elections, First phase voting, Maharashtra Elections