इंडिगो फ्लाइट्स के लगातार कैंसिल होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच अन्य एयरलाइंस के टिकटों के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। यात्रियों की नाराज़गी सोशल मीडिया के ज़रिए लगातार सामने आ रही है, वहीं विरोधी दल अब सरकार पर निशाना साधने लगे हैं। इसी बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने क्रू मेंबर्स के साप्ताहिक विश्राम से संबंधित सभी ऑपरेटरों को जारी किए गए अपने निर्देश वापस ले लिए हैं।
DGCA ने बताया कि इस नियम का उद्देश्य पायलटों और केबिन क्रू की थकान को कम करना था, लेकिन एयरलाइनों का कहना है कि इससे रोस्टर प्रबंधन प्रभावित हो रहा है, जिसके कारण उड़ानों के संचालन में दिक्कतें बढ़ गई हैं।
DGCA के इस फैसले के बाद शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर तंज कसते हुए कहा कि “एयरलाइंस ने दबाव बनाकर DGCA को झुकने पर मजबूर कर दिया और साप्ताहिक विश्राम से जुड़ी हिदायतों को वापस करवा लिया! यह कितना शर्मनाक और बेबस कदम है—DGCA का ऐसा पीछे हटना, जबकि एयरलाइंस ने न सिर्फ यात्रियों बल्कि सरकार को भी बंधक बना रखा है।”
DGCA ने X पर लिखा…
DGCA ने सभी ऑपरेटरों को क्रू मेंबर्स के साप्ताहिक विश्राम से संबंधित निर्देश वापस ले लिए हैं। उन्होंने कहा कि चल रहे परिचालन व्यवधानों और विभिन्न एयरलाइनों द्वारा संचालन की निरंतरता व स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता को लेकर किए गए अनुरोधों को देखते हुए, यह निर्देश कि साप्ताहिक विश्राम के बदले कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा, तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है।
Keywords: IndiGo Flight Cancellation News, DGCA Weekly Rest Rule Update, IndiGo Flights Disruption News