पुणे: कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी (Suresh Kalmadi) का मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पुणे में लंबी बीमारी के बाद 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सुरेश कलमाड़ी लंबे समय से अस्वस्थ थे और उनका इलाज पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल (Deenanath Mangeshkar Hospital) में चल रहा था।
उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर 2 बजे तक एरंडवणे स्थित उनके आवास कलमाड़ी हाउस में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे नवपेठ स्थित वैकुंठ श्मशानभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी में सुरेश कलमाड़ी का कद काफी ऊंचा माना जाता था। उन्हें एक गेम चेंजर नेता के रूप में जाना जाता था। वे महाराष्ट्र के पुणे से पूर्व सांसद रह चुके थे। अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली।
एयर फोर्स के पायलट से नेता तक का सफर
सुरेश कलमाड़ी ने अपने करियर की शुरुआत भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) में एक पायलट के रूप में की थी। सेवा से निवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति का रुख किया और कांग्रेस पार्टी से जुड़कर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वे भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष भी रहे और उनके नेतृत्व में 2010 के दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन किया गया, जिसे अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है। सुरेश कलमाड़ी के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
Keywords: Suresh Kalmadi Passed Away, Suresh Kalmadi Death, Pune News, Congress Party