Election Results 2026, Vote Counting LIVE Updates: आज का दिन देश की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है। असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। इन परिणामों से यह तय होगा कि जनता ने किस पार्टी पर भरोसा जताया है और किसे सत्ता से बाहर किया गया है। बंगाल में दो चरणों में करीब 90-93% मतदान हुआ था। आज बंगाल की 294, असम की 126, तमिलनाडु की 234, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों के नतीजे सामने आएंगे।
इस लाइव ब्लॉग में आपको हर राज्य की सीटवार ताज़ा अपडेट, चुनावी रुझान, बड़े उलटफेर और प्रमुख उम्मीदवारों की जीत-हार की पल-पल जानकारी मिलेगी। किस राज्य में चौंकाने वाला नतीजा आएगा और कहां स्थिर सरकार बनेगी, इसकी पूरी तस्वीर सबसे पहले और सबसे तेज यहीं मिलेगी।
पानीहाटी सीट पर रत्ना देबनाथ आगे
आरजी कर मामले की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ पानीहाटी सीट से 20,463 वोटों से आगे चल रही हैं। जीत के संकेत मिलते ही उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी सिर्फ उनकी नहीं, पूरे देश की बेटी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और वह न्याय के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेंगी।
काउंटिंग सेंटर पर अभिषेक बनर्जी को बाहर भेजा गया
पश्चिम बंगाल में चुनावी रुझानों के बीच बीजेपी की बढ़त के संकेत मिल रहे हैं, खासकर मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर बंगाल में। इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी हेस्टिंग्स मतगणना केंद्र पहुंचे थे। चुनाव आयोग के नियमों के तहत, उम्मीदवार न होने के कारण उन्हें वहां से बाहर जाने के लिए कहा गया।
भवानीपुर में रुकी काउंटिंग
चुनाव आयोग के अनुसार भवानीपुर सीट पर मतगणना प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। एक व्यक्ति के मोबाइल फोन के साथ काउंटिंग सेंटर में प्रवेश करने के बाद यह स्थिति बनी। अधिकारी ने बताया कि डिवाइस तुरंत जब्त कर लिया गया और सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद वोटों की गिनती दोबारा शुरू कर दी गई।
बंगाल की दो सीटों पर नतीजे घोषित
पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के नतीजे चुनाव आयोग ने जारी कर दिए हैं। मोंतेश्वर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार सैंकत पांजा ने टीएमसी प्रत्याशी को 14,798 वोटों के अंतर से हराया। वहीं भगवानगोल सीट पर टीएमसी उम्मीदवार रेयात हुसैन सरकार ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 56,407 वोटों से मुकाबला अपने नाम किया।
नेमोम में बढ़त पर केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर का आभार संदेश
केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने नेमोम सीट पर बढ़त बनाते हुए खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि वे इस समर्थन से बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं और बीजेपी-NDA कार्यकर्ताओं के प्रयासों के लिए आभारी हैं। चंद्रशेखर ने नेमोम की जनता का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें सेवा का अवसर दिया और विश्वास जताया।
बीजेपी की बढ़त पर हनुमानगढ़ी में साधु-संतों ने मनाया जश्न
असम और पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों में बीजेपी की बढ़त के बीच हनुमानगढ़ी के पास साधु-संतों ने उत्सव मनाया। जैसे ही शुरुआती नतीजों में पार्टी की स्थिति मजबूत होती दिखी, वहां मौजूद संतों ने खुशी जाहिर की और माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
बंगाल में बीजेपी की बड़ी बढ़त
पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों में बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार दोपहर 2:40 बजे तक बीजेपी 192 सीटों पर आगे है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 95 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
कूचबिहार में तनाव, दिनहाटा में हिंसा की खबर
पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों के बीच कूचबिहार जिले के दिनहाटा इलाके में हिंसा और आगजनी की घटना सामने आई है। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
रुझानों के बीच ममता बनर्जी का कार्यकर्ताओं को संदेश
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी की बढ़त के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने तक धैर्य बनाए रखना जरूरी है और नतीजों का असली चित्र अंत में ही सामने आएगा। ममता ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर वोटों की गिनती धीमी की जा रही है और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जमीन पर डटे रहें और अंतिम परिणाम तक इंतजार करें।
भवानीपुर में जश्न, मुकाबला फिर भी कांटे का
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी की बढ़त को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और भवानीपुर में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। हालांकि इसी सीट पर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है, जहां शुरुआती तीन राउंड की गिनती के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करीब 900 वोटों से आगे चल रही हैं।
चेन्नई में TVK समर्थकों का जश्न
तमिलनाडु के रुझानों में TVK शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है और राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने की स्थिति में है। चेन्नई स्थित पार्टी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ता और समर्थक जश्न मना रहे हैं। ताजा रुझानों के अनुसार, TVK 234 में से 105 सीटों पर आगे चल रही है।
Election Results 2026 LIVE: एडप्पाडी सीट पर पलानीस्वामी की मजबूत बढ़त
तमिलनाडु की एडप्पाडी विधानसभा सीट पर एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी के. पलानीस्वामी बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, वे 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
Election Results 2026 LIVE: चुनावी बढ़त के बीच PM मोदी का बीजेपी मुख्यालय दौरा
पांच राज्यों के चुनावी रुझानों में बीजेपी मजबूत प्रदर्शन करती नजर आ रही है। असम में पार्टी दोबारा सरकार बनाती दिख रही है, जबकि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। इसी बीच खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 6:30 बजे बीजेपी मुख्यालय पहुंच सकते हैं।
Election Results 2026 LIVE: तीन राज्यों में बदलती सत्ता के संकेत
चुनावी रुझानों में तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। तमिलनाडु में TVK बढ़त बनाए हुए है, जबकि पश्चिम बंगाल में BJP आगे चल रही है और केरल में कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
Election Results 2026 LIVE: तमिलनाडु में TVK की बड़ी छलांग, 100 सीटों के पार
तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में एक्टर विजय की पार्टी TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है और बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है। हालांकि ये अभी शुरुआती रुझान हैं और चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
Election Results 2026 LIVE: बंगाल की 15 सीटों पर शुरुआती रुझान जारी
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा जारी शुरुआती रुझानों में 15 सीटों की स्थिति सामने आई है। इनमें बीजेपी 11 सीटों पर आगे है, जबकि गोरखा मोर्चा और टीएमसी 2-2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
Election Results 2026 LIVE: केरल में CM फेस पर शशि थरूर का बड़ा बयान
केरल के चुनावी रुझानों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि इस समय पार्टी के पास कई मजबूत दावेदार मौजूद हैं। उन्होंने जोर दिया कि असली मुद्दा सरकार और नीतियों में बदलाव तथा राज्य के विकास का है। थरूर ने उम्मीद जताई कि उनके सुझाव नई सरकार के लिए उपयोगी होंगे। उन्होंने कहा कि केरल की वित्तीय स्थिति को सुधारना, निवेश बढ़ाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना जरूरी है, ताकि युवाओं को पलायन करने की जरूरत न पड़े।
Election Results 2026 LIVE: भवानीपुर में जीत का दावा
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पहले राउंड की गिनती के बाद उनकी पार्टी 135 सीटों पर आगे है। उन्होंने भरोसा जताया कि भवानीपुर सीट पर भी जीत मिलेगी और 10 राउंड के बाद स्थिति और मजबूत होगी। उनके मुताबिक, इस बार हिंदू वोट एकतरफा पड़ा है और नंदीग्राम जैसी स्थिति भवानीपुर में भी दोहराई जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुस्लिम वोटों में इस बार बंटवारा देखने को मिला है।
Election Results 2026 LIVE: तमिलनाडु में बड़ा सियासी उलटफेर, TVK ने बढ़ाई बढ़त
तमिलनाडु में चुनावी नतीजों के बीच बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक्टर विजय की पार्टी TVK 74 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं DMK 51 सीटों पर और ADMK 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
Keywords: Election Results 2026 LIVE Updates, Vote Counting India 2026, State Assembly Election Results 2026, West Bengal Tamil Nadu Kerala Assam Results