आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में बोलेरो और लॉरी की टक्कर में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 8 लोगों की जान चली गई और करीब 10-12 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना मंत्रालयम मंडल के चिलकालाडोना के पास हुई। सभी घायलों को इलाज के लिए एम्मिगानुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक कर्नाटक के चिक्कमगलुरु के तीर्थयात्री थे। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
आमने-सामने की टक्कर में गई 8 जानें
मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना गांव के पास बोलेरो और रेडी-मिक्स लॉरी की जोरदार भिड़ंत में भीषण हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है। पीएमओ के ऑफिशियल अकाउंट ने लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुआ हादसा बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
राष्ट्रपति ने जताया दुख
इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
मंत्री ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल लोग कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के तीर्थयात्री थे, जो मंत्रालयम में श्री राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मामले की जांच जारी है। इस घटना पर परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
पिछले साल की घटना ने फिर ताजा की दर्दनाक यादें
इस इलाके में पहले भी एक बड़ा हादसा हो चुका है। अक्टूबर 2025 में हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक स्लीपर बस में भीषण आग लग गई थी। बताया गया था कि बाइक से टक्कर के बाद बस का फ्यूल टैंक फट गया, जिससे आग भड़क उठी और करीब 19-20 लोगों की जलकर मौत हो गई। उस समय बाइक सवार के नशे में होने की आशंका भी जताई गई थी।
Keywords: Kurnool Road Accident, Bolero Lorry Collision, Temple Pilgrims Accident Karnataka, Fatal Highway Crash India