नई दिल्ली: दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में दुनियाभर के प्रमुख टेक एक्सपर्ट्स और जनप्रतिनिधि भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। इस बीच, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। समिट में दोनों के बीच एआई से जुड़ी कई अहम तकनीकी विषयों पर चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुंदर पिचाई 20 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट में अपना संबोधन देंगे।
पीएम मोदी ने शेयर की पोस्ट
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात को “खुशी का अवसर” बताते हुए कहा कि बातचीत में भारत द्वारा एआई क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और गूगल की संभावित साझेदारी पर चर्चा हुई।
पिचाई ने भारत वापस आकर खुशी जताई
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने भारत लौटने पर खुशी व्यक्त की और कहा कि एआई इंपैक्ट समिट के लिए भारत आकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया कि हमेशा की तरह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पिचाई की पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान गूगल के कई अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
ग्लोबल साउथ का पहला बड़ा एआई सम्मेलन दिल्ली में
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट, जो 16 फरवरी से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुआ, ग्लोबल साउथ का पहला ऐसा एआई समिट है। यह 5 दिवसीय सम्मेलन 20 फरवरी तक चलेगा और वैश्विक स्तर पर यह चौथा सबसे बड़ा एआई शिखर सम्मेलन है।
सोशल मीडिया पर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मंगलवार को इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 के बारे में कहा कि यह विचारों, इनोवेशन और इरादों का शक्तिशाली संगम है। उन्होंने सोमवार को प्रदर्शनी ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो’ का उद्घाटन किया, जिसमें 600 से अधिक स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं। इसके अलावा, 13 देशों के मंडप स्थापित किए गए हैं, जो एआई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं।
Keywords: AI Impact Summit 2026, Sundar Pichai Meeting Narendra Modi, India AI Expo, Global South AI Summit