- Advertisement -
- Advertisement -

लंदन में पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा, अरबपति और सोना कॉमस्टार के चेयरमैन सुंजय कपूर का निधन – करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे

बिज़नेस
sunjay kapur ex husband of bollywood actress karisma kapoor dies of heart attack during polo match in london

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति उद्योगपति संजय कपूर का 53 साल की उम्र में यूनाइटेड किंगडम में पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संजय पोलो खेल रहे थे और घोड़े की सवारी कर रहे थे। तभी उन्होंने गलती से एक मधुमक्खी निगल ली, जो उनके गले में फंस गई और जलन पैदा कर दी। इससे घबराहट की स्थिति पैदा हो गई, जो अंततः दिल का दौरा पड़ने की वजह बनी। होश में लाने के प्रयासों के बावजूद वे मौके पर ही दम तोड़ दिए।   

संजय कपूर सोना कॉमस्टार के अध्यक्ष और भारतीय ऑटोमोटिव क्षेत्र में एक प्रमुख व्यक्ति थे। पोलो के प्रति अपने जुनून के लिए भी जाने जाते थे। भारत और विदेश दोनों ही जगह टूर्नामेंट में लगातार भाग लेने वाले थे। संजय के पास एमआईटी और हार्वर्ड से डिग्री थी।

अमेरिकी और ब्रिटिश मीडिया ने संजय कपूर की मौत की खबर को प्रमुखता से कवर करते हुए बताया है कि वो प्रिंस विलियम के करीबी दोस्त और मशहूर सामाजिक व बिज़नस पर्सनालिटी थे. वो अक्सर प्रिंस विलियम और अन्य रॉयल फैमिली के सदस्य के साथ विभिन्न इवेंट्स और पार्टियों में शामिल होते थे।

संजय ने 2003 में अभिनेत्री करिश्मा से शादी की और उनके दो बच्चे हैं।  संजय कपूर ने 2000 के दशक की शुरुआत में करिश्मा कपूर से अपनी हाई-प्रोफाइल शादी के लिए सुर्खियाँ बटोरीं। इस जोड़े ने 2003 में शादी की जिससे दो बच्चे समायरा और कियान है.

हालांकि, 2016 में उनकी शादी एक बेहद चर्चित तलाक में समाप्त हो गई। जिसमें दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए। करिश्मा ने संजय पर घरेलू हिंसा और भावनात्मक आघात का आरोप लगाया, जबकि संजय ने दावा किया कि उसने वित्तीय कारणों से उससे शादी की थी। समझौते के तहत करिश्मा को बच्चों की पूरी कस्टडी, मुंबई में एक घर और वित्तीय सहायता मिली। 2017 में संजय ने मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से शादी की और 2018 में इस जोड़े ने एक बेटे को जन्म दिया जिसका नाम अजारियस है। मार्च 2023 में, संजय और करिश्मा अपने बेटे कियान का जन्मदिन मनाने के लिए एक साथ दिखे थे। उन्हें मुंबई के एक रेस्तरां के बाहर देखा गया था। करिश्मा से शादी करने से पहले संजय ने फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से शादी की थी। शादी के चार साल बाद 2000 में वे अलग हो गए थे।

संजय कपूर की गिनती उन कामयाब ग्लोबल लीडर में होती थी जिन्होंने मोबिलिटी टेक्नोलॉजी में बड़ा नाम कमाया है। संजय कपूर एक बड़े बिजनेस एम्पायर के मालिक थे और उनका साम्राज्य देश-विदेश में फैला था। फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, संजय कपूर की कुल संपत्ति 10300  करोड़ रुपये थी। बॉलीवुड लाइफ के अनुसार, दिल्ली, मुंबई और लंदन में उनकी कई सारी संपत्तियां हैं और उनके पास कई सुपर और लग्जरी कारें भी हैं। वे दुनिया के 2703वें सबसे धनी व्यक्ति थे।  

What do you think?

- Advertisement -